सागर- धनतेरस पर निगमायुक्त की अनोखी पहल! सपरिवार पहुंचे बाजार, छोटे दुकानदारों से की खरीदारी
दीपावली की खुशियां तभी पूरी होती हैं, जब त्योहार की रोशनी हर घर तक पहुंचे और छोटे व्यापारियों के चेहरों पर भी मुस्कान आए। इसी संदेश के साथ सागर नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री धनतेरस के अवसर पर सपरिवार कटरा बाजार पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से मिट्टी के दीये, पूजन सामग्री और पारंपरिक सजावटी सामान की खरीदारी की। निगमायुक्त को अपनी दुकान से सामान खरीदते देख छोटे व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे।
धनतेरस के दिन निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने बाजार पहुंचकर सबसे पहले कपड़े के थैले खरीदे और फिर स्थानीय दुकानदारों से दीपावली पूजन की सामग्री ली। इसमें मिट्टी के दीये, मिट्टी की ग्वालन, रुई, मुरमुरा, बताशे, घड़िया और चीनी के खिलौने शामिल रहे। इसके अलावा घर के मुख्य द्वार को सजाने के लिए तोरण और बंदनवार भी खरीदे। उन्होंने गेरू और हिरमिची लेकर पारंपरिक तरीके से अपने निवास के मुख्य द्वार को सजाने की बात कही।
इस दौरान निगमायुक्त ने कहा कि दीपावली सिर्फ रोशनी का पर्व नहीं, बल्कि खुशियां बांटने और हर परिवार को आगे बढ़ाने का अवसर भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि त्योहार की खरीदारी स्थानीय छोटे दुकानदारों, कुम्हारों, कारीगरों और स्व-सहायता समूहों से करें। मिट्टी के दीये, गौ-काष्ठ के दीये और स्वदेशी उत्पाद खरीदकर स्थानीय मेहनतकश परिवारों को आर्थिक संबल दें। बाजार में रुई आदि बेच रहे बच्चों से उन्होंने उनकी पढ़ाई और परिवार के बारे में भी जानकारी ली तथा खरीदारी कर उनका उत्साह बढ़ाया।
निगमायुक्त ने स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा कि जैसे हम अपने घर को साफ रखते हैं, वैसे ही शहर को भी स्वच्छ रखना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने दुकानदारों और ग्राहकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और बाजार आते समय कपड़े का थैला साथ लाने की अपील की। निगमायुक्त की यह पहल लोकल फॉर वोकल के साथ स्वच्छ दीपावली का संदेश भी दे रही है। त्योहार की खरीदारी में स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देकर हम छोटे व्यापारियों की खुशियों में भी अपना योगदान दे सकते हैं।