Sagar - भूसा वाले कमरे में विस्फोटक का भंडारण, जिलेटिन रॉड व सैकड़ों डिटोनेटर किए जब्त
सागर में दीपावली पर अवैध आतिशबाजी के भंडारण और बिक्री की जांच के बीच पुलिस को बहेरिया थाना क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री के असुरक्षित भंडारण का बड़ा मामला मिला है। कुओं की खुदाई और चट्टानों को तोड़ने में इस्तेमाल होने वाली जिलेटिन रॉड और डिटोनेटर एक लाइसेंसी के यहां बेहद लापरवाही से रखे मिले। हैरानी की बात यह है कि विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित भंडार गृह के बजाय भूसे वाले कमरे में रखा गया था। पुलिस ने मौके से 300 से 400 डिटोनेटर और जिलेटिन रॉड जब्त किए हैं।
बहेरिया पुलिस ने शुक्रवार रात लाइसेंसी दुलीचंद पटेल के ठिकाने पर छापामार कार्रवाई की। पुलिस को शिकायत मिली थी कि लाइसेंसी नियमों को दरकिनार कर फुटकर में डिटोनेटर और जिलेटिन रॉड की बिक्री कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए मकरोनिया सीएसपी राहुल कटरे के नेतृत्व में बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) और शहर सहित आसपास के थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश दी। तलाशी के दौरान भूसे से भरे एक कमरे में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी मिली। इसके बाद पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई शुरू की, जो देर रात तक जारी रही।
सीएसपी राहुल कटरे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाइसेंसी दुलीचंद पटेल फुटकर में डिटोनेटर और जिलेटिन रॉड बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और बीडीएस की टीम के साथ कार्रवाई की गई। मौके से 300 से 400 डिटोनेटर और जिलेटिन रॉड जब्त किए गए हैं। एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने भी विस्फोटक सामग्री जब्त किए जाने की पुष्टि की है।
विस्फोटक सामग्री को भूसे वाले कमरे में रखना सुरक्षा मानकों के लिहाज से बेहद गंभीर लापरवाही है। जिलेटिन रॉड और डिटोनेटर अत्यधिक संवेदनशील विस्फोटक सामग्री की श्रेणी में आते हैं। इनके भंडारण के लिए निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन जरूरी होता है। डिटोनेटर में मामूली झटका, गर्मी या अन्य प्रतिकूल परिस्थितियां भी जोखिम पैदा कर सकती हैं। ऐसे में यदि विस्फोटक सामग्री के इस भंडारण स्थल पर कोई दुर्घटना होती तो आसपास के क्षेत्र में जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। पुलिस की इस कार्रवाई ने विस्फोटक सामग्री के लाइसेंस और उसके सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।