Sagar - दिवाली पर बुंदेलखंड को तोहफा, मेडिकल कॉलेज में बढ़ाई गई पीजी की सीटें
सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में पीजी की सीटों की संख्या 81 से बढ़कर 110 हो गई है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की मांग पर एनएमसी (नेशनल मेडिकल कमीशन) ने 29 नई सीटों पर प्रवेश की अनुमति दे दी है। अच्छी बात यह है कि इन बढ़ी हुई सीटों पर स्टूडेंट्स के लिए इसी साल से मिलना शुरू हो जाएगा। प्रवेश
बीएमसी ने इस साल एनएमसी के लिए पीजी के लिए 29 सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा था और 100 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की अनुमति दे दी गई है। सबसे ज्यादा सीटें पैथोलॉजी विभाग में बढ़ाई गई हैं, जहां पहले मात्र 2 सीटें थीं वे अब बढ़कर कुल 9 सीटें हो गई हैं। इसी तरह रेडियोलॉजी विभाग में इस सत्र में पहली बार पीजी की 2 सीटों पर एडमिशन मिलेगा। डीन डॉ. पीएस ठाकुर ने बताया कि ढाई साल पहले जब वह आए थे, तब पीजी की केवल 60 सीटें थीं, उनके कार्यकाल में पहली बार में 11 फिर 10 और अब 29 सीटें बढ़ी हैं।
बीएमसी में वर्तमान में यूजी की 150 सीटें हैं, जिनमें 25 सीटें पिछले साल ही बढ़ाई गई थीं। अब प्रबंधन का लक्ष्य सीटों की संख्या बढ़ाकर 250 करने का है। इसके लिए इंफ्रा पर काम चल रहा है। बीएमसी प्रबंधन के अनुसार लेक्चर हॉल के साथ मेनपानी में हॉस्टल भी तैयार किए जा रहे हैं।
डीन डॉ. पीएस ठाकुर के अनुसार, पीजी सीट बढ़ने से न केवल क्षेत्रीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, बल्कि मेडिकल के विद्यार्थियों को अपने ही संभाग में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अधिक अवसर मिलेंगे। इसके अलावा पीजी स्टूडेंट मिलने से बीएमसी के डॉक्टर्स का लोड कम होगा, जिससे वह बेहतर इलाज कर सकेंगे। गायनी में डिलेवरी का लोड कम होगा, पीडिया में एसएनसीयू, पीआईसीयू आदि में सहयोग मिलेगा। पैथोलॉजी में जांचें जल्दी होंगी।