मुख्यमंत्री बोले कार्यकर्ता ही हमारे असली पूंजी, हमारी दीपावली आज ही मन गयी, देखिये ये रिपोर्ट
मध्य प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव ने कहा की कार्यकर्ता ही हमारे असली पूंजी हैं। हमारी दीपावली तो आज ही मन गयी। दरअसल धनतेरस के मौके पर मुख्यमंत्री मुरैना पहुंचे थे। जहां भाजपा के नए संभागीय कार्यालय का उद्घाटन किया गया। जो भोपाल के बाद प्रदेश का सबसे बड़ा कार्यालय बताया जा रहा है पांच मंज़िला भवन में 17 सौ लोगों की क्षमता वाला सभागार और 2 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था का इंतजाम है। इस दौरान जनसंघ से जुड़े लोगों का भी सम्मान किया गया। सीएम ने कहा की पार्टी के इस कार्यालय में आने वाले हर व्यक्ति के मन में यह विश्वास होना चाहिए कि यहां आने के बाद उसकी समस्या का समाधान जरूर होगा। यह कार्यालय केवल पार्टी की गतिविधियों तक सीमित ना रहे बल्कि आमजन की समस्याओं के समाधान का भी केंद्र बने।
ये भवन वीआईपी रोड पर बना है। उद्घाटन के बाद सीएम ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के साथ फीता खोलकर कार्यालय में प्रवेश किया। मुख्यमंत्री ने अपने पुराने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि साल 2002-03 में जब वह उज्जैन भाजपा के महामंत्री थे। तब उन्हें पार्टी कार्यालय की अहमियत समझ में आई। उस समय रेलवे स्टेशन के सामने एक धर्मशाला में कमरा किराए पर लेकर पार्टी कार्यालय संचालित किया जाता था।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नए कार्यालय को भोपाल के बाद प्रदेश का सबसे बड़ा पार्टी कार्यालय बताया। यह कार्यालय आमजन को सरकार से जोड़ने और उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने का काम करेगा।
वहीं विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा की इस कार्यालय के निर्माण में पार्टी की प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान है यहां ऐसे कार्यकर्ता तैयार होने चाहिए। जो नरेंद्र तोमर के बजाय पार्टी की विचारधारा की प्रति समर्पित हो
भाजपा के नए संभागीय कार्यालय के उद्घाटन समारोह में जनसंघ के समय से पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के बाद सीएम करुआ गांव पहुंचे। जहां स्वामित्व दस्तावेजों के पंजीयन अभियान का वन क्लिक के साथ शुभारंभ किया। वहीं गांव में जिनकी रजिस्ट्री अभियान के तहत निश्शुल्क हुई, उन हितग्राहियों से चर्चा की। सीएम ने कहा, कि पात्रों को मकान का मिलेगा पक्का कानूनी मालिकाना हक, बैंक से ऋण लेने समेत अन्य वित्तीय सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा। लोगों की मांग पर मिडिल स्कूल शुरू करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने 200 से ज्यादा रजिस्ट्री कराने वाले तहसीलदार और पटवारियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना के हितग्राहियों से संवाद करते हुए पूछा की पक्की रजिस्ट्री मिलने के बाद उन्हें किस प्रकार का लाभ मिलेगा। उनका अनुभव कैसा रहा। जिस पर हितग्राही ने बताया कि उनकी लगभग 89 हजार रुपये की रजिस्ट्री का पूरा खर्च सरकार ने उठाया है। उन्हें कोई राशि नहीं चुकानी पड़ी। अन्य हितग्राहियों ने भी मालिकाना हक़ मिलने और अब आसानी से ऋण मिलने की बात कही। इस दौरान कई लोगों की मौजूदगी रही।