सागर- सफाईकर्मियों की हड़ताल तो जनप्रतिनिधियों ने खुद थाम ली झाड़ू, सफाई करने में जुटे
अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने हड़ताल कर दी तो हालात बिगड़ने लगे सागर जिले के खुरई क्षेत्र में भी इसका असर देखने को मिला। जिसके बाद जनप्रतिनिधियों ने अपने हाथों में झाड़ू थाम ली और साफ़ सफाई में जुट गए। इसमें पार्षदों के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे। हालांकि सीएम के आश्वासन के बाद सफाईकर्मियों ने हड़ताल ख़त्म कर दी थी। ये तस्वीरें उससे पहले की हैं।
दरअसल खुरई में सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच नगर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने लगी थी। सड़कों पर कचरा नजर आ रहा था। जिसके बाद जनप्रतिनिधियों ने खुद मोर्चा संभाल लिया।
नगर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने के बाद मुख्य बाजारों और प्रमुख मार्गों पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नन्नीबाई समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने हाथों में झाड़ू लेकर सड़कों की सफाई की, जगह-जगह फैले कचरे को इकट्ठा किया और कचरा संग्रहण में भी योगदान दिया। जनप्रतिनिधियों की इस पहल का उद्देश्य हड़ताल के बीच नगर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों को परेशानी से बचाना था। इस अभियान के जरिए संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि का भी सामूहिक दायित्व है।
हालांकि प्रदेश भर में की जा रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल सीएम के आश्वासन के बाद ख़त्म हो गयी थी। जिसके बाद कर्मचारी काम पर वापस लौट आये थे। जिससे हालात बेकाबू नहीं हो पाए थे।------