महीनों से लावारिस खड़ी कार में भड़की आग, इलाके में मची अफरा-तफरी, आग बुझने से पहले खाक हुई कार
लावारिस हालत में खड़ी हुई एक कार में अचानक से आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे कार जलकर ख़ाक हो गयी। इस घटना से कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। मामला एमपी के धार जिले के धामनोद नगर के सती विहार कॉलोनी से सामने आया है। हालांकि राहत की बात ये है की इस दौरान किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हो पाई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गयी थी। खबर पढ़े जाने तक ये बात सामने नहीं आ पाई थी की आखिर कार किसकी है और उसमें आग कैसे लगी।
बताया जा रहा है की आगजनी का शिकार हुई कार पिछले कई महीनों से पेट्रोल पंप के पीछे स्थित सती विहार कॉलोनी में एक निजी स्कूल के पीछे खड़ी हुई थी। उसमें देर रात अचानक आग लग गई। लपटें देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दमकल को सूचना दी गयी। जिसके बाद नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग बुझाये जाने तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
बताया गया की फिलहाल तक कार के मालिक के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आ पाई थी। आग लगने की वजह भी साफ़ नहीं हो पाई थी। लेकिन बड़ा सवाल यही है की आखिर कार में आग लगी कैसे क्या शॉर्ट सर्किट इसका कारण है या फिर किसी ने कोई कारस्तानी की है। जांच के बाद ही ये साफ़ हो सकेगा।