अवैध कच्ची शराब के डेरों पर छापा, 5 लाख का लहान और 45 हजार की शराब जब्त, दोनों को किया नष्ट
अवैध कच्ची शराब के डेरों पर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने कार्यवाई को अंजाम दिया। जहां मौके से 20 हजार लीटर लहान बरामद करने के बाद उसे नष्ट किया गया। जिसकी कीमत करीब पांच लाख रूपये बताई जा रही है। साथ ही 45 हजार रूपये कीमत की 150 लीटर अवैध कच्ची शराब भी जब्त की गयी। मामला गुना जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र के भानपुरा गांव से सामने आया। हालांकि आरोपी मौके से भागने में कामयाब रहा। बताया गया की पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त रूप से दबिश देकर कंजर डेरों पर कार्यवाई की।
जानकारी के मुताबिक टीमों को लंबे समय से भानपुरा के कंजर डेरों में हाथ भट्टी की कच्ची शराब बनाने की सूचना मिल रही थी। जिस पर दोनों विभागों ने अलग-अलग टीमें बनाकर गांव के ऊपरी और निचले डेरों में एक साथ दबिश दी। इस दौरान बड़े ड्रमों और प्लास्टिक की टंकियों में करीब 20 हजार लीटर लहान भरा मिला। अधिकारियों के निर्देश पर पंचनामा कार्रवाई के बाद इसे मौके पर ही नष्ट किया गया। वहीं शराब बनाने में इस्तेमाल हो रही हाथ भट्टियां, हौज और अन्य उपकरण भी नष्ट किए गए।
बताया जा रहा है की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी विक्रम कंजर मौके से भाग निकला। उसके खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज किया। साथ ही उसकी तलाश भी की जा रही है। पुलिस की माने तो इस तरह की कार्यवाई आगे भी जारी रहेगी।-