Sagar- एक्सल टूटने से खंती में पलटी बोलेरो, चालक के साथ अनहोनी, 3 अस्पताल में | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले में गौरझामर-केसली स्टेट हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम कुकवारा रामखेरी के पास अचानक बोलेरो का एक्सल टूटने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गया। हादसे में बोलेरो चला रहे 28 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, देवरी के पटेल वार्ड निवासी पुष्पेंद्र पटेल (28), पिता भगवत पटेल, बोलेरो लेकर देवरी से ग्राम टडा जा रहे थे। वाहन में उनके साथ बसंत पटेल (28), एयरटेल कंपनी के इंजीनियर भरत साहू और गोविंद सेन सहित अन्य लोग सवार थे। सभी एयरटेल फाइबर केबल बिछाने के काम के सिलसिले में जा रहे थे।
इसी दौरान ग्राम कुकवारा रामखेरी के पास अचानक बोलेरो का एक्सल टूट गया। वाहन पर से चालक का नियंत्रण हट गया और बोलेरो सड़क किनारे गहरी खंती में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
हादसे में पुष्पेंद्र पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल केसली अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
वहीं, बसंत पटेल को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिनका सागर में इलाज जारी है। जबकि भरत साहू और गोविंद सेन को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही केसली पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।