सागर में बनेगा 11 फीट ऊंचा गोवर्धन पर्वत! 9 नवंबर को हफसिली में भव्य अन्नकूट मेला, 56 भोग होंगे खास
सागर में इस बार गोवर्धन पूजा का पर्व कुछ खास अंदाज में मनाया जाएगा। हफसिली स्थित डेयरी परियोजना परिसर में 9 नवंबर को विशाल गोवर्धन अन्नकूट मेले का आयोजन होने जा रहा है। यहां मिट्टी और गोबर से 11 फीट ऊंचा विशाल गोवर्धन पर्वत तैयार किया गया है, जिसकी आकर्षक सजावट और भव्य झांकियां श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहेंगी। मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री खुद व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
हफसिली डेयरी परियोजना के पशु मेला क्षेत्र में 125 फीट की परिधि में विशाल गोवर्धन पर्वत का निर्माण किया गया है। इसके चारों ओर 10 फीट चौड़ा परिक्रमा मार्ग तैयार किया गया है। बांसुरी, मटकी, गायों की कलाकृतियां, श्रीकृष्ण और उनकी गौओं की प्रतिमाएं तथा आकर्षक झांकियां यहां श्रद्धालुओं का मन मोहेंगी। पूजन स्थल पर 56 भोग के लिए विशेष प्लेटफॉर्म भी बनाया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने निरीक्षण के दौरान स्वयं रंगोली की डिजाइन बनाकर सजावट को आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। मेले में स्थानीय लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां, मोनिया नृत्य, ढोल-नगाड़े, आतिशबाजी और 56 भोग प्रसादी वितरण होगा। इसके लिए मंच, टेंट, पेयजल, रोशनी और साफ-सफाई सहित जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। निगमायुक्त का कहना है कि यह आयोजन लोक परंपरा, कला, संस्कृति और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय कलाकारों और छोटे व्यापारियों को भी मंच देगा।
इधर, दीपावली से पहले रूप चौदस के दिन निगमायुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। सागर के शीतला माता मंदिर चौराहे पर श्रीकृष्ण-अर्जुन रथ पर धूल जमा देखकर उन्होंने फायर वाहन बुलवाया और प्रेशर मशीन से खुद रथ तथा गाय-बछड़े की प्रतिमा की धुलाई कराई। उन्होंने नागरिकों से शहर को अपना घर मानकर स्वच्छ रखने और कचरे को चार अलग-अलग डस्टबिन में रखने की अपील की। एक ओर हफसिली में परंपरा और संस्कृति का भव्य आयोजन आकार ले रहा है, तो दूसरी ओर शहर को स्वच्छ बनाने की मुहिम भी जारी है। अब 9 नवंबर को होने वाले गोवर्धन अन्नकूट मेले में श्रद्धालुओं की सहभागिता का इंतजार है।