दीपावली से पहले पुलिस ने दिया तोहफा, अलग-अलग जगहों से मोबाइल ढूंढकर लौटाए वापिस, खिल उठे चेहरे
धनतेरस और दीपावली के मौके पर पुलिस ने लोगों को एक बड़ी खुशी दी है। खास तोहफा दिया गया। अलग-अलग जगहों से गुम या चोरी हुए मोबाइलों को खोजकर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया है। इन मोबाइलों की कीमत करीब 5 लाख रूपये बताई जा रही है। मामला छतरपुर जिले का है। इसको लेकर बताया गया की पुलिस ने पिछले एक महीने में गुम हुए 20 से ज्यादा मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें वापस सौंपा। जिससे लोगों के चेहरे खिल उठे। साथ ही उन्होंने पुलिस की प्रशंसा कर आभार जताया।
जानकारी के मुताबिक एसपी के निर्देशन में कोतवाली, सिविल लाइन और ओरछा रोड थाना पुलिस की टीमों ने मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर कार्रवाई की। जहां टीमों ने पिछले एक महीने के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों से गुम हुए मोबाइल फोन तलाशे। और करीब 5 लाख रुपए कीमत के 20 से ज्यादा मोबाइल बरामद किए। दीपावली से पहले पुलिस ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को थाने बुलाकर वापस सौंपे। अपने मोबाइल पाकर लोग खुश हो गए। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा की मोबाइल गुम होने पर बिना देर किए संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा जरूरी दस्तावेज और मोबाइल से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएं। ताकि निर्धारित पोर्टल और तकनीकी माध्यमों की मदद से मोबाइल तलाशने की कार्रवाई की जा सके। लोगों ने पुलिस के इस कार्य की प्रशंसा की साथ ही आभार भी व्यक्त किया। मामले में सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने जानकारी दी।