सागर- रूप चौदस पर सागर में अनूठी पहल! महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई कर किया माल्यार्पण
त्योहारों की खुशियों के बीच सागर में रूप चौदस के अवसर पर एक ऐसी पहल देखने को मिली, जिसने स्वच्छता के साथ-साथ महापुरुषों के सम्मान का भी संदेश दिया। सिंहस्थ परिवार हरिहर आंजनेय लोकसेवा जनकल्याण समिति यानी सिंहस्थ परिवार NGO ने अपनी पुरानी परंपरा को निभाते हुए शहर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई की और माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और समाजसेवियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
तस्वीरें सागर के सिविल लाइन क्षेत्र की हैं, जहां रूप चौदस के पावन अवसर पर सिंहस्थ परिवार NGO द्वारा विशेष स्वच्छता एवं माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भारत के महान शिक्षाविद् और संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. हरिसिंह गौर, स्वामी विवेकानंद और शहीद कालीचरण तिवारी की प्रतिमाओं की विधिवत सफाई और धुलाई की गई। इसके बाद प्रतिमाओं को फूलों की माला पहनाकर सुसज्जित किया गया।
कार्यक्रम में नगर विधायक शैलेन्द्र जैन, लीगल राइट्स काउंसिल ऑफ इंडिया की प्रदेश अध्यक्ष अनुश्री जैन, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, शिवसेना के राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी और अपर लोक अभियोजक दीपक पौराणिक सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए। खास बात यह रही कि अतिथियों ने केवल औपचारिक सहभागिता नहीं की, बल्कि स्वयं अपने हाथों से प्रतिमाओं की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
सिंहस्थ परिवार NGO के अध्यक्ष लकी सोनी ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उनका रखरखाव और संरक्षण भी है। उन्होंने कहा कि हमारा शहर भी हमारा घर है और इसे स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। महापुरुषों का सम्मान सिर्फ माल्यार्पण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनकी स्मृतियों को सहेजना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में सिंहस्थ परिवार के सदस्यों और बड़ी संख्या में समाजसेवियों ने सहभागिता की। संस्था ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। रूप चौदस पर की गई यह पहल शहरवासियों को स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायक संदेश दे गई।