Sagar-दिवाली पर मंत्री गोविंद राजपूत का देसी अंदाज! परिवार संग पहुंचे बाजार, दुकानों से की खरीदारी
दीपावली का त्योहार सिर्फ घरों को रोशन करने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशहाली लाने का अवसर है। इसी भावना को साकार करते हुए मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुरखी विधायक गोविंद सिंह राजपूत दीपावली के अवसर पर सपरिवार अपने वार्ड के बाजार पहुंचे। यहां उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से दीपावली की जरूरी वस्तुओं और स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की और लोगों को वोकल फॉर लोकल अपनाने का संदेश दिया।
मंत्री के बाजार पहुंचने पर स्थानीय दुकानदारों में भी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने विभिन्न दुकानों पर पहुंचकर खरीदारी की और व्यापारियों से बातचीत कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि त्योहारों पर खरीदारी के लिए बड़े शोरूम और ऑनलाइन बाजारों के साथ-साथ अपने आसपास की छोटी दुकानों और स्थानीय बाजारों को भी प्राथमिकता दें।
गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि हमारी छोटी-सी पहल स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों के परिवारों में बड़ी खुशियां ला सकती है। जब हम स्थानीय दुकानदारों से सामान खरीदते हैं, तो उसका सीधा लाभ हमारे अपने क्षेत्र के लोगों को मिलता है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया वोकल फॉर लोकल का मंत्र आज जन-आंदोलन का रूप ले रहा है। आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हम अपने देश में बने उत्पादों और स्थानीय कारीगरों के हुनर को प्राथमिकता देंगे।
मंत्री ने कहा कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर स्थानीय बाजारों से खरीदारी करना स्वदेशी को बढ़ावा देने और छोटे व्यापारियों के चेहरों पर मुस्कान लाने का सबसे अच्छा माध्यम है।