सागर जिले के जैसीनगर के ऐतिहासिक गोवर्धन टोरिया मेले में सोमवार को बुंदेली लोक संस्कृति और परंपराओं का रंग देखने को मिला। मंत्री और सुरखी विधायक गोविंद सिंह राजपूत मेले में शामिल हुए। इस दौरान उनका बुंदेली अंदाज आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने दिवारी गीत गाकर पशुधन और किसानों के प्रति सम्मान का संदेश दिया। वहीं मोनिया नृत्य कलाकारों के बीच पहुंचकर उनके साथ दिवारी नृत्य भी किया। मंत्री ने लोक कलाकारों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मंत्री राजपूत ने बुंदेली गीत "गायों की पूजा करो, भैंसों के करो श्रृंगार रे, और बैलों के खुर पुजियो रे भैया, जे धरती के पालनहार" गाकर लोक परंपरा से जुड़ाव दिखाया। उन्होंने मेले में लगी स्थानीय दुकानों पर पहुंचकर खरीदारी भी की और और लोगों लोग से स्थानीय व्यापारियों से सामान खरीदने की अपील की। मंत्री राजपूत ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण, गोवंश और कृषि के संरक्षण का संदेश देने वाला पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा के माध्यम से प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और उसके संरक्षण का महत्व बताया था। आज के समय में जल संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण और जैविक खेती की जरूरत के बीच इस परंपरा का महत्व और बढ़ जाता है।
मंत्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष गोवर्धन मेले में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के लिए अलग से मंच बनाया जाएगा, ताकि उन्हें अपनी कला दिखाने का बेहतर अवसर मिल सके। मंत्री राजपूत ने कहा कि दिवारी गीतों में गोवंश, बैलों और पशुधन के प्रति सम्मान की भावना दिखाई देती है। मोनिया नृत्य और दिवारी गीत हमारी सांस्कृतिक विरासत हैं। लोक कलाकार इस विरासत के संवाहक
हैं। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी परंपराओं और संस्कृति से जुड़ती है। उन्होंने कहा कि सैकड़ों वर्षों से आयोजित हो रहा जैसीनगर का गोवर्धन मेला सामाजिक समरसता और आपसी मेलजोल का प्रतीक है। मेले छोटे दुकानदारों, कारीगरों और ग्रामीण व्यापारियों को रोजगार के अवसर भी देते हैं। स्थानीय उत्पादों की खरीदारी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल अभियान को भी मजबूती मिलती है। इस दौरान मेला समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।