Sagar - दिवाली की रात ट्रक ने कार को उड़ाया, दो युवकों के साथ बड़ी अनहोनी
सागर जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात परसोरिया के आगे तिवारी ढाबे के सामने भूसे से भरे ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी, कार में दो युवक सवार थे हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय रवि रैकवार, पिता स्वर्गीय गणेश रैकवार, निवासी बंगला नंबर, कैंट सागर के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में 26 वर्षीय ऋषभ वाल्मीकि उर्फ गप्पू, निवासी सिविल लाइन सागर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी में हादसे का स्थान सानौधा तिराहा बताया जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में घटना परसोरिया के आगे तिवारी ढाबे के सामने होना सामने आया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे में शामिल भूसे से भरे ट्रक की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक के शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, परिजनों के बयान और जांच के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।