Sagar - हफसिली में 11 फीट ऊंचे गोवर्धन गिरिराज का पूजन, 56 भोग लगाए, बरेदी नृत्य की हुई प्रस्तुति

 

सागर में दीपावली के दूसरे दिन सोमवार को नगर निगम की ओर से हफसिली ग्राम स्थित डेयरी विस्थापन परियोजना के पशु मेला क्षेत्र में गोवर्धन पूजा व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अतिथियों के साथ गोवर्धन गिरिराज का पूजन कर 56 व्यंजनों का भोग लगाया। गोमाता को पुष्पमाला पहनाकर गुड़, चना और चारा खिलाया। इस दौरान विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार और निगमायुक्त राजकुमार खत्री सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

 

 

 

 

आयोजन में गोबर और मिट्टी से निर्मित 11 फीट ऊंचे और 125 फीट परिधि वाले विशाल गोवर्धन गिरिराज श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। यहां भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा, बांसुरी और मटकी की आकर्षक कलाकृतियां भी गोबर से बनाई गई थीं। मोनिया व्रत धारण किए मोनियों ने गिरिराज की परिक्रमा कर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया। गेमाता सहित पशुधन को सजाकर पशुपालक मेले में पहुंचे। रंगोली और आकर्षक सजावट से पूरा परिसर उत्सवी रंग में नजर आया।

 

 

 

 

मंत्री राजपूत ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत की पूजा के माध्यम से प्रकृति और गोवंश के महत्व को बताया था। गोवर्धन पूजा प्रकृति, गोवंश और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का पर्व है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने नगर निगम के व्यवस्थित आयोजन की सराहना की। विधायक जैन ने कहा कि अन्नकूट और गोवर्धन पूजन हमारी समृद्ध धार्मिक परंपरा के प्रतीक हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी और निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने भी आयोजन को ग्रामीण संस्कृति, गोसेवा और लोककलाओं को प्रोत्साहित करने की पहल बताया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेश केसरवानी, एमआईसी सदस्य, उपायुक्त एसएस बघेल सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी व बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

 

 

कार्यक्रम में मोनिया नृत्य, दिवाली गायन, ग्वाल नृत्य और रास नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। ढोल, ताशे और नगड़िया की धुन पर कलाकारों ने पारंपरिक लोककलाओं का प्रदर्शन किया। मंत्री राजपूत ने स्थानीय कलाकारों के साथ दिवाली गायन किया और बरेदी नृत्य का आनंद लिया। अन्नकूट पूजन के बाद 56 व्यंजनों का भोग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। मेले में स्थानीय व्यापारियों ने खाद्य सामग्री, खिलौनों सहित विभिन्न वस्तुओं की दुकानें भी लगाई। सुबह 11 बजे शुरू हुए मेले में शाम तक सागर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।


By - sagar tv news
10-Nov-2026

YOU MAY ALSO LIKE

POPULAR POSTS

बंडा जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप! 39 पुलिसकर्मी लाइन अटैच, बड़े पैमाने पर तबादले
by sagar tv news , 21-Sep-2026
सागर में जहरीली शराब का कहर, 19 मौ तें, 112 मरीज भर्ती; 10 आरोपी गिरफ्तार | SAGAR TV NEWS |
by sagar tv news , 07-Sep-2026
Sagar-गुरुपूर्णिमा पर जरूर करे ये उपाय, बढ़ेगी बरकत करियर में मिलेगी तरक्की, जानें ज्योतिषाचार्य से
by sagar tv news , 28-Jul-2026
सागर- बीना विधायक निर्मला सप्रे दल-बदल मामले में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला! उमंग सिंघार की याचिका खारिज
by sagar tv news , 26-Jun-2026
सागर- बीना विधायक निर्मला सप्रे दल-बदल मामले में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला! उमंग सिंघार की याचिका खारिज
by sagar tv news , 26-Jun-2026
सागर- बीना विधायक निर्मला सप्रे दल-बदल मामले में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला! उमंग सिंघार की याचिका खारिज
by sagar tv news , 26-Jun-2026
Read More

Sagartvnews subscribe on youtube



NEWSLETTER

सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.