सड़क पर घा यल पड़े थे चार लोग, कलेक्टर-एसपी ने वाहन रोककर भेजा अस्पताल, समय पर मिल सका इलाज
कहते हैं की किसी की मदद करना और समय पर काम आना ही मानवता का धर्म है। इसी तरह की मिसाल कलेक्टर और एसपी ने पेश की है। दरअसल चार युवक सड़क हादसे का शिकार होकर घायल हालत में सड़क पर तड़प रहे थे। ये देख कलेक्टर एसपी ने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और चारों युवकों को अपने वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। मामला हरदा जिले से सामने आया है। जहां घायलों को समय पर इलाज मिल सका।
बताया जा रहा है की कलेक्टर कुमार सत्यम और एसपी अंकित जायसवाल चारुवा से कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। जहां रास्ते में देखा की सड़क दुर्घटना के बाद चार लोग घायल हालत में पड़े हुए हैं। जिन्हे देखकर तत्काल अपने वाहन रुकवाए और उनकी मदद के लिए आगे आए।
मिली जानकारी के मुताबिक हरदा-खिरकिया मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए थे। कलेक्टर और एसपी ने तत्काल स्थिति का जायजा लिया और घायलों को बिना देर किए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। एसपी और नायब तहसीलदार के वाहन से घायलों को हरदा और खिरकिया के अस्पतालों में इलाज के लिए भिजवाया गया।
कलेक्टर और एसपी ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। अधिकारियों की इस संवेदनशीलता और मानवीय पहल से दुर्घटना के समय घायलों को तत्काल मदद मिल सकी।---