Sagar - मेडिकल कॉलेज से मरीज रहस्यमय ढंग से गायब, बाथरूम जाने के लिए निकला युवक फिर नहीं लौटा
सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सड़क दुर्घटना में घायल होकर भर्ती हुआ 20 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में अस्पताल से लापता हो गया। परिजन उसकी तलाश में अस्पताल प्रबंधन से लेकर पुलिस तक के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
जानकारी के अनुसार, रायसेन जिले के सिलवानी निवासी अंशुल ठाकुर को 8 नवंबर को सड़क हादसे में घायल होने के बाद बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। दुर्घटना में उसकी आंख और सिर में चोट आई थी। परिजनों के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अंशुल बाथरूम जाने की बात कहकर वार्ड से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन अस्पताल परिसर में कहीं उसका पता नहीं चला।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से वार्ड और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने की मांग की। आरोप है कि इस दौरान जानकारी मिली कि अस्पताल में लगे अधिकांश सीसीटीवी कैमरे बंद हैं। ऐसे में युवक के अस्पताल से बाहर जाने या उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका से जुड़े घटनाक्रम का पता लगाना भी मुश्किल हो गया है। मामले में परिजनों ने गोपालगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में मरीज के लापता होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी एक मरीज अस्पताल से लापता हो गया था। तीन दिन बाद उसका शव वार्ड के स्टोर रूम में मिला था। उस घटना के बाद भी अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को लेकर सवाल उठे थे।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर अस्पताल में भर्ती मरीजों की निगरानी की जिम्मेदारी किसकी है? यदि सीसीटीवी कैमरे ही बंद पड़े हैं तो मरीजों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी? अब देखना होगा कि प्रबंधन इस मामले में क्या कदम उठाता है और लापता युवक का पता कब तक चल पाता है।