Sagar -200 फीट लंबा ज्ञापन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे फरियादी, आवेदन देखकर अधिकारी भी रह गए हैरान
सागर कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में मंगलवार को उस समय अधिकारी भी हैरान रह गए, जब गौ रक्षक समिति के कुछ लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। उनके हाथों में कोई सामान्य आवेदन नहीं, बल्कि करीब 200 फीट लंबा ज्ञापन था। इसे देखकर जनसुनवाई में मौजूद लोगों की भी नजरें ठहर गईं। दरअसल, यह लंबा आवेदन तीन साल से जारी एक शिकायत और सरकारी व्यवस्था से लगातार गुहार लगाने की कहानी बयां कर रहा था।
गौ रक्षक समिति के सदस्यों का कहना है कि वे लंबे समय से गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में वे अब तक करीब 170 आवेदन अधिकारियों को सौंप चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का स्थायी निराकरण नहीं हो सका। हर बार आवेदन देने और कार्रवाई की उम्मीद लगाने के बाद भी जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो समिति के सदस्यों ने एक अलग तरीका अपनाया।
उन्होंने अब तक दिए गए सभी आवेदनों को एक साथ जोड़कर करीब 200 फीट लंबा ज्ञापन तैयार कर लिया। मंगलवार को सभी आवेदन लेकर वे सागर कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में पहुंचे और अधिकारियों के सामने अपनी शिकायत रखी।
इतने लंबे ज्ञापन को देखकर अधिकारी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। आमतौर पर जनसुनवाई में लोग एक या दो पन्नों का आवेदन लेकर पहुंचते हैं, लेकिन यहां फरियादियों ने अपने तीन साल के संघर्ष को ही सैकड़ों पन्नों में समेटकर अधिकारियों के सामने रख दिया।
मांग की गई है कि गांव-गांव में गौ माता की सुनिश्चित भूमि को अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया जाए क्योंकि हजारों एकड़ गोचर भूमि होने के बाद भी आज गाय माता रोड पर मर रही है भूखी प्यासी रोड पर मरने को मजबूर हे निवेदन है इस विषय को संज्ञान में लिया जाए