Sagar - कूलर के पीछे छिपा बैठा था 5 फीट लंबा घोड़ा पछाड़, देखते ही घरवालों में मची खलबली
सागर शहर के गोपालगंज इलाके में सेंट्रल जेल के पीछे एक खेत में बने मकान में उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के अंदर कूलर के पीछे करीब 5 फीट लंबा सांप दिखाई दिया। सांप का को देखकर घर के लोगों में दहशत फैल गई। इसके बाद तत्काल सर्प विशेषज्ञ अकील बाबा को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे अकील बाबा ने काफी मशक्कत के बाद सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार गोपालगंज स्थित सेंट्रल जेल के पीछे निजी मैरिज गार्डन के पास खेत में एक मकान बना हुआ है। सोमवार शाम घर के लोगों की नजर कूलर के पीछे बैठे विशालकाय सांप पर पड़ी। पहले तो लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब सांप की लंबाई और आकार देखा तो सभी घबरा गए। घर में सांप होने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भी भीड़ जुट गई।
इसके बाद घरवालों ने सर्प विशेषज्ञ अकील बाबा को फोन कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही अकील बाबा मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद उन्होंने करीब 5 फीट लंबे घोड़ा पछाड़ सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।
सर्प विशेषज्ञ अकील बाबा ने बताया कि यह घोड़ा पछाड़ प्रजाति का सांप है, जो जहरीला नहीं होता। उन्होंने सांप का रेस्क्यू कर लिया है। अब उसे आबादी से दूर सुरक्षित जंगल में छोड़ा जाएगा। सांप के पकड़े जाने के बाद घर के लोगों ने राहत की सांस ली।