भरभराकर गिरा कच्चा मकान, 1 साल की बच्ची समेत 3 की मौत; 8 साल का मासूम गंभीर!
एमपी के सिंगरौली जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। बैढ़न थाना क्षेत्र के ग्राम बरहपान में सोमवार रात अचानक एक कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के वक्त घर के अंदर मौजूद चार लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से करीब डेढ़ घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन इस हादसे में एक साल की मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं, आठ वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे परिवार के लोग मकान के अंदर मौजूद थे। तभी अचानक कच्चा मकान भरभराकर गिर पड़ा और चारों लोग मलबे में दब गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोभा चौकी प्रभारी शिवम सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मलबा ज्यादा होने के कारण बचाव कार्य में परेशानी आई। ऐसे में सरपंच चित्रकूट बैस ने तत्काल जेसीबी की व्यवस्था कराई। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों लोगों को बाहर निकाला। मौके पर मौजूद डॉक्टर गंगा वैश्य ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया।
रेस्क्यू के बाद सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अरुण कुमार विश्वकर्मा, उम्र 36 वर्ष, संतुलिया विश्वकर्मा, उम्र 60 वर्ष और एक वर्षीय पुष्पा को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं आठ वर्षीय अतुल गंभीर रूप से घायल है और उसका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलने पर सीएसपी हेमंत कुमार और बैढ़न थाना प्रभारी अभिमन्यु द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह भी जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घायल बच्चे के स्वास्थ्य की जानकारी ली। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से बरहपान गांव में मातम पसरा है। फिलहाल मकान गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।