ओरछा में रामराजा सरकार के दरबार में मौनिया नृत्य की धूम, ढोल-नगाड़ों पर झूमे बुंदेली कलाकार
बुंदेलखंड की अयोध्या कही जाने वाली रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में दीपावली के दूसरे दिन बुंदेली लोक संस्कृति और परंपरा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। गोवर्धन पूजा के बाद रामराजा सरकार मंदिर परिसर में सदियों पुरानी मौनिया नृत्य परंपरा की शुरुआत हुई। ढोलक, नगाड़ों और मंजीरों की थाप पर जब मौनिया मंडलियों ने दिवारी गीतों के साथ नृत्य प्रस्तुत किया, तो पूरा मंदिर परिसर बुंदेली संस्कृति के रंग में रंग गया।
दीपावली की रात से देवउठनी ग्यारस तक चलने वाली इस अनूठी परंपरा में मौनिया अपने गांव से मौन व्रत धारण कर निकलते हैं। अलग-अलग गांवों की परिक्रमा करते हुए करीब 12 गांवों से होकर ये मंडलियां रामराजा सरकार के दरबार में पहुंचती हैं। हाथों में राठी और मोरपंख, साथ में ढोलक, नगाड़े, झीका और मंजीरे लेकर मौनिया भगवान श्रीकृष्ण के सखाओं के रूप में मनमोहक नृत्य करते हैं।
एमपी के सागर संभाग के निवाड़ी जिले के ओरछा के मंदिर परिसर में मौनिया मंडलियों ने पारंपरिक दिवारी गीत गाए और ढोलक की थाप पर शानदार नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। इस अनूठे लोकनृत्य को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। वहीं ओरछा घूमने आए पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने भी बुंदेली लोक संस्कृति की इस जीवंत विरासत का आनंद लिया।
इसी अवसर पर मोनी परमा पर निवाड़ी कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े और पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया सहित अन्य अधिकारियों ने रामराजा सरकार मंदिर परिसर में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की। उन्होंने जिलेवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद अधिकारियों ने मौनिया नृत्य की प्रस्तुतियां देखकर बुंदेली संस्कृति का आनंद लिया। भक्ति, आस्था और लोक परंपरा का यह संगम बताता है कि आधुनिक दौर में भी बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत लोगों के दिलों में जीवित है। ओरछा में मौनिया नृत्य केवल एक प्रस्तुति नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही गौरवशाली परंपरा की पहचान है।