Sagar - दिवाली की भागदौड़ में वाहनों की तेज गति ने उजाड़े परिवार, प्रदेश में सबसे अधिक हादसे
दिवाली पर घरों में रोशनी और आसमान में आतिशबाजी के बीच प्रदेश में हादसों का आंकड़ा भी बढ़ गया। पटाखों से जलने और सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में 108 एंबुलेंस सेवा को 24 घंटे के दौरान कुल 503 इमरजेंसी केस मिले। यह संख्या एक दिन पहले के मुकाबले करीब 20% ज्यादा है।
8 नवंबर दोपहर 12 बजे से 9 नवंबर दोपहर 12 बजे तक मिले इन मामलों के हिसाब से प्रदेश में हर घंटे औसतन 21 लोग हादसों या जलने की घटनाओं के शिकार हुए। जिलों में सागर में सबसे ज्यादा 34 केस दर्ज हुए, जबकि इंदौर 31 मामलों के साथ दूसरे नंबर पर रहा।
आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली के दिन दोपहर से रात तक हादसों का दबाव ज्यादा रहा। 8 नवंबर दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक 108 एंबुलेंस को 367 केस मिले।
इसके बाद 9 नवंबर रात 12 बजे से दोपहर 12 बजे तक 136 मामले दर्ज हुए। यानी कुल 503 मामलों में से करीब 73% पहले 12 घंटे में ही सामने आए। पहले 12 घंटे में केस की संख्या अगले 12 घंटे के मुकाबले करीब 2.7 गुना रही।
जिलावार आंकड़ों में सागर 34 केस के साथ सबसे ऊपर रहा। इंदौर में 31, राजगढ़ और झाबुआ में 21-21, धार में 20 और जबलपुर में 19 मामले दर्ज किए गए।
राजधानी भोपाल में 15 केस सामने आए। बालाघाट, बैतूल और होशंगाबाद में भी 15-15 लोगों को एंबुलेंस सेवा की जरूरत पड़ी।