सागर में खाद गोदाम बंद मिला तो कलेक्टर का एक्शन! गोदाम प्रभारी तत्काल निलंबित | SAGAR TV NEWS |
सागर में किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है, लेकिन अब खाद वितरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। खुरई रोड स्थित नई गल्ला मंडी के मार्कफेड खाद गोदाम में जब कलेक्टर के निर्देश पर औचक निरीक्षण किया गया, तो दोपहर साढ़े 12 बजे तक गोदाम बंद मिला। किसान खाद के इंतजार में परेशान हो रहे थे। इस लापरवाही पर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने गोदाम प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
दरअसल, जिले में किसानों को खाद वितरण में आ रही समस्याओं और गोदाम समय पर नहीं खुलने की शिकायतों को प्रशासन ने गंभीरता से लिया। मंगलवार को कलेक्टर के निर्देश पर खुरई रोड स्थित नई गल्ला मंडी के मार्कफेड खाद गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल जब दोपहर 12:30 बजे पहुंचा, तो गोदाम पर ताला लगा हुआ था और खाद वितरण शुरू नहीं हुआ था। दूर-दराज से आए किसान कड़ी धूप में खाद मिलने का इंतजार कर रहे थे।
मौके की स्थिति देखते हुए निरीक्षण दल ने तत्काल गोदाम खुलवाया और ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से किसानों को खाद वितरण शुरू कराया। पूरी कार्रवाई का मौके पर ही पंचनामा तैयार किया गया। जांच में सामने आया कि शासकीय नियमानुसार गोदाम सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खुलना चाहिए, लेकिन निर्धारित समय पर इसका संचालन नहीं किया जा रहा था।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ क्षेत्र सहायक एवं गोदाम प्रभारी राजाराम सोनी भी कार्यस्थल से अनुपस्थित मिले। किसानों को हुई परेशानी और शासकीय जिम्मेदारी में लापरवाही को देखते हुए कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के आदेश पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। प्रशासन ने सभी खाद वितरण केंद्रों को निर्धारित समय पर खोलने और ई-टोकन के जरिए पारदर्शी तरीके से खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को साफ संदेश है कि किसानों की परेशानी और खाद वितरण में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।