देश के प्रसिद्ध उद्योगपति के खिलाफ किसानों का आंदोलन, बोले इस पानी पर हमारा हक़, उद्योगों को देने का विरोध
देश के मशहूर उद्योगपति को महज 10 पैसे प्रति हजार लीटर की दर से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। जबकि आम नागरिक एक रुपये प्रति लीटर की दर से पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं। ये आरोप उज्जैन जिले के नागदा में किसानों ने लगाए हैं। जहां देश के प्रसिद्ध उद्योगपति बिड़ला के खिलाफ किसानों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। उनका कहना है की चंबल के पानी पर सिर्फ किसानों का हक़ है।
बताया गया की नागदा के नजदीक पिपलोदा बागला गांव में चंबल नदी पर बने डेम से उद्योगों को पानी दिए जाने के विरोध में किसानों ने प्रदर्शन किया। डैम के गेट बंद कर विरोध जताया। किसानों का कहना है की चंबल के पानी पर पहला हक खेती और किसानों का है। सिंचाई के लिए पानी की जरूरत है। ऐसे में उद्योगों को चंबल का पानी नहीं लेने दिया जाएगा।
किसानों के आंदोलन को समर्थन देने मोतीसिंह शेखावत और पूर्व विधायक दिलीप सिंह शेखावत भी मौके पर पहुंचे। दोनों ने किसानों की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि उद्योगों को चंबल के बजाय नर्मदा पाइपलाइन के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाना चाहिए। इस दौरान कई अन्य लोगों ने भी किसानों के समर्थन में आवाज उठाई।
मोतीसिंह शेखावत के मुताबिक शासन बिरला उद्योग को महज 10 पैसे प्रति हजार लीटर की दर से पानी उपलब्ध करा रहा है। जबकि आम नागरिक एक रुपये प्रति लीटर की दर से पानी खरीदकर पीने को मजबूर है। उन्होंने गुजरात का उदाहरण देते हुए दावा किया की वहां उद्योगों को सरकार 50 रुपये प्रति हजार लीटर की दर से पानी उपलब्ध कराती है। मप्र में नर्मदा पाइपलाइन से 30 रुपए में 1 हज़ार लीटर पानी उद्योगों को देना तय हुआ है यानी गुजरात से 70 प्रतिशत कम कीमत में पानी मप्र सरकार दे रही। है। फिर किसानों और जनता के हक़ के पानी पर डाका क्यों डाला जा रहा है।
शेखावत ने साफ कहा की चंबल के पानी पर किसानों का हक है। उद्योगों के लिए नर्मदा पाइपलाइन से पानी की व्यवस्था की जानी चाहिए।