टाइगर रिजर्व पार कर आबादी में पहुंचा हाथी, मचाया जमकर उत्पात, फसलों को रौंदा, मकानों को नुक्सान
एक हाथी टाइगर रिजर्व को पार कर गया। जिसने दूसरे जिले में पहुंचकर क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया। बताया गया की उसने कई घरों को नुकसान पहुंचाते हुए खेतों में खड़ी हुई फसल भी बर्बाद कर दी। साथ ही पशुओं को भी नुक्सान पहुंचाया। हाथी की वजह से लोग सहमे हुए हैं। साथ ही भय का माहौल बना हुआ है। ये तस्वीरें मैहर जिले से सामने आई हैं।
जानकारी के मुताबिक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से निकला हाथी C5 इन दिनों मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र के गांवों में आतंक मचा रहा है। वह बाणसागर क्षेत्र पार करने के बाद गोरसरी और भीसमपुर गांव पहुंचा। बीते महीने अक्टूबर की 28 तारीख से हाथी लगातार गांवों में घूम रहा है। जिससे गांवों के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हाथी ने कई मकानों को क्षतिग्रस्त किया। तो खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचाया। हालांकि अभी तक कोई जनहानि नहीं हुई है। वन विभाग की टीम प्रभावित इलाकों में हुए नुकसान का आंकलन कर रही है। वहीं प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
इसके अलावा हाथी को सुरक्षित पकड़ने वन विभाग ने रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है। हाथी को ट्रेंकुलाइज करने की अनुमति मिल चुकी है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर और पन्ना टाइगर रिजर्व के डायरेक्टर की टीम भी इस अभियान में जुटी है। वन विभाग की योजना हाथी को बेहोश कर सुरक्षित तरीके से पकड़ने की है।
मैहर के डीएफओ विद्याभूषण मिश्रा के मुताबिक हाथी को सुरक्षित पकड़ने की कार्रवाई शुरू की जा रही है। लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। जल्द ही रेस्क्यू किया जाएगा ताकि आगे नुक्सान न हो।