चर्चित मर्डर कांड में पुलिस को अहम सुराग,तालाब से बाइक समेत हड्डियां बरामद, 66 दिन बाद बड़ा खुलासा!
चर्चित मर्डरकांड के मामले में पुलिस को 66 दिन के बाद अब अहम साक्ष्य मिले हैं। तालाब की गहराई से एक बाइक और मृतक की हड्डियां बरामद की गयी हैं। आरोपियों ने मर्डर के बाद डेड बॉडी को ड्रिप पाइप से बाइक बांधकर तालाब में फेंक दिया था। जिससे बॉडी ऊपर न आये। फिलहाल हड्डियों की वैज्ञानिक पुष्टि होना बाकि है। ये चर्चित मालसिंग मर्डर कांड बुरहानपुर जिले का है। मामले में खकनार पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीण तैराकों की संयुक्त टीम ने नांदुरा के बड़े तालाब की गहराई से मालसिंग की बाइक और कुछ हड्डियां निकालीं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 6 सितंबर 2026 को शाम करीब 4 बजे मालसिंग अपनी बाइक लेकर घर से निकला था। उसके देर रात तक घर न लौटने पर तलाश शुरू की। अपहरण की आशंका जताई गई। खकनार पुलिस ने BNS की धरा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने मालसिंग को खेत के पास बने छोटे तालाब पर बुलाया। जहां डंडों और पत्थरों से हमला करने के बाद गला दबाकर मर्डर कर दिया था। जिसके बाद नांदुरा के बड़े तालाब में डेड बॉडी को ड्रिप पाइप के सहारे बाइक से कसकर बांधा और बाइक समेत तालाब में फेंक दिया। ताकि सबूत न मिल सकें।
मामला पुलिस के लिए चुनौती पूर्ण था। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। ड्रोन से आमगांव के जंगलों, नांदुरा तालाब और आसपास की खाइयों में तलाश की गई। आखिरकार आरोपियों की निशानदेही पर टीम को सफलता मिली। चार आरोपियों में दो नाबालिग हैं। वहीं अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीण तैराकों की मदद से दोबारा विशेष अभियान चलाया गया। जहां तालाब से बाइक और कुछ हड्डियां बरामद की गयी। वैज्ञानिक जांच के बाद उनकी पहचान की पुष्टि हो सकेगी। फ़िलहाल जांच जारी है।