Sagar-जेल में बंद भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षासूत्र, अपनों को देख छलक पड़े आंसू | SAGAR TV NEWS |
सागर में भाई-बहन के प्रेम और अटूट रिश्ते का प्रतीक भाई दूज का त्योहार केंद्रीय जेल सागर में पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर सैकड़ों बहनें अपने भाइयों से मिलने केंद्रीय जेल पहुंचीं और उनके माथे पर तिलक लगाकर भाई दूज की रस्म निभाई। जेल परिसर में इस दौरान भावुक और आत्मीय माहौल देखने को मिला।
भाई दूज के त्योहार को देखते हुए जेल प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। जेल परिसर के खुले मैदान में टेंट लगाकर कैदियों और उनसे मिलने पहुंचीं बहनों के बैठने की व्यवस्था की गई थी, ताकि मुलाकात के दौरान किसी को परेशानी न हो।
वहीं, जेल प्रशासन ने जेल कैंटीन में मिठाई और फलों की भी विशेष व्यवस्था की थी। खास बात यह रही कि कैंटीन में बाजार की तुलना में कम कीमत पर मिठाइयां उपलब्ध कराई गईं, जिससे बहनें आसानी से अपने भाइयों के साथ त्योहार की खुशियां बांट सकें।
जेल की चारदीवारी के भीतर भाई-बहन के प्रेम का यह अनूठा नजारा देखने को मिला। बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि और अच्छे भविष्य की कामना की। वहीं, लंबे समय बाद बहनों से मुलाकात कर कई बंदियों की आंखें भी नम हो गईं।