सागर-छात्रावासों में बच्चे गायब! औचक निरीक्षण में कलेक्टर नाराज, अधिकारियों को लगाई फटकार
सागर में छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने सख्त रुख अपनाया है। औचक निरीक्षण के दौरान कहीं छात्राओं की उपस्थिति कम मिली, तो कहीं आवासीय विद्यालयों में बच्चे लगभग नदारद मिले। छात्राओं की कोचिंग शुरू होने में देरी और अधिकारियों की नियमित मॉनिटरिंग में लापरवाही देखकर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि छात्रावासों में बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।
कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने सबसे पहले अनुसूचित जाति विभाग द्वारा संचालित शासकीय सीनियर उत्कृष्ट कन्या छात्रावास, तहसीली का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने छात्रावास के कमरे, रसोईघर, शौचालय, पेयजल व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। छात्राओं की कम उपस्थिति मिलने पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब-तलब किया और पालकों से संपर्क कर छात्राओं को नियमित छात्रावास भेजने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने छात्राओं की कोचिंग व्यवस्था में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पढ़ाई और परीक्षा परिणाम में सुधार के लिए नियमित मार्गदर्शन जरूरी है। वहीं, प्रोजेक्ट ज्ञानोदय के तहत भारत पेट्रोलियम बीना रिफाइनरी की सीएसआर गतिविधि से बन रही लाइब्रेरी का निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण और समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक आवासीय विद्यालय, पुलिस लाइन और कनेरादेव अंबेडकर वार्ड स्थित आवासीय विद्यालय पहुंचे। यहां बच्चों की उपस्थिति नगण्य मिलने पर उन्होंने गंभीर असंतोष जताया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुपस्थित विद्यार्थियों के पालकों से संपर्क कर उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बिस्तर, बेडशीट, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा और भोजन व्यवस्था की भी जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों को मेन्यू के अनुसार स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और पोषणयुक्त भोजन समय पर उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को छात्रावासों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि इस सख्ती के बाद छात्रावासों में बच्चों की उपस्थिति और शिक्षा की व्यवस्थाओं में कितना सुधार आता है।