सागर- राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित हुआ सागर! स्वच्छ सर्वेक्षण में देशभर में हासिल किया तीसरा स्थान
सागर के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और गौरव से भर देने वाला रहा। स्वच्छता के क्षेत्र में शहर ने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सागर नगर निगम ने 50 हजार से 3 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस शानदार उपलब्धि पर नई दिल्ली में आयोजित समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सागर नगर निगम को सम्मानित किया। राष्ट्रपति के हाथों मिले इस सम्मान से पूरे शहर में खुशी और उत्साह का माहौल है।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण में सागर नगर निगम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। 11 नवंबर को आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों नगर निगम को पुरस्कार प्रदान किया गया। यह सम्मान सागर की स्वच्छता व्यवस्था और शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए किए गए सामूहिक प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।
इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए महापौर संगीता सुशील तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार और नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों को बधाई दी गई है। खास तौर पर सफाई मित्रों के योगदान की सराहना की गई, जिनकी मेहनत और समर्पण से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई ऊंचाइयां मिली हैं।
यह सम्मान किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे सागर की सामूहिक उपलब्धि है। इसमें सफाई मित्रों के साथ-साथ उन नागरिकों की भी अहम भूमिका है, जिन्होंने स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी निभाई। इस उपलब्धि ने सागर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। राष्ट्रपति के हाथों मिला यह सम्मान सागर के लिए गर्व का विषय है। अब इस उपलब्धि को बरकरार रखने के साथ स्वच्छता की नई ऊंचाइयां हासिल करना भी बड़ी जिम्मेदारी है। लक्ष्य है कि जनसहभागिता के साथ सागर को और अधिक स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जाए।