सागर-मंत्री गोविंद सिंह के क्षेत्र में अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाकर सरपंच का इस्तीफ़ा SAGAR TV NEWS
प्रदेश के कद्दावर मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत के विधानसभा क्षेत्र में सरपंच और मंडल अध्यक्ष ने अधिकारी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीँ सरपंच पद से इस्तीफा भी दे दिया है। उनका कहना है की सत्ता पक्ष में होने के बावजूद उनसे पैसों की मांग की जा रही है। दरअसल सागर जिले के सुरखी विधानसभा के जैसीनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष और ग्राम पंचायत सरखड़ी के ग्राम प्रधान जितेंद्र सिंह ने पद से जैसीनगर जनपद पंचायत सीईओ सुरेंद्र खरे को इस्तीफा सौंपा। जिससे राजनीति गरमा गयी है। वहीँ जितेंद्र सिंह ने सीईओ सुरेंद्र खरे पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। उनका कहना है की वह जैसीनगर भाजपा मंडल के अध्यक्ष हैं। इसके बावजूद भी वह प्रशासनिक उपेक्षा के शिकार हुए हैं। उनकी ग्राम पंचायत सरखड़ी में बीते 2 साल से रोजगार सहायक नहीं है 9 महीने से सचिव नहीं है। जिससे पंचायत में काम प्रभावित हुए हैं साथ ही जिला पंचायत द्वारा सरखड़ी गांव में 3 स्टाप डैम और 2 बाउंड्रीबॉल स्वीकृत होने के बावजूद भी जनपद पंचायत द्वारा स्वीकृत नही किये जा रहे हैं। इसके अलावा नए काम भी स्वीकृत नहीं किए जा रहे हैं। यही नहीं जितेंद्र सिंह ने विकास कार्य के एवज में मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा पैसे मांगने के भी गंभीर आरोप लगाए। जिस वजह से उन्होंने पद से इस्तीफा सौंपा। उन्होंने कहा कि अगर सीईओ को नहीं हटाया गया तो वे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। मामले में सीईओ सुरेंद्र खरे का कहना है कि उन्हें जैसीनगर आये 2 महीने हुए हैं। साथ ही अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत और निराधार बताया। इस सब के अलावा जैसीनगर जनपद पंचायत के माध्यम से ग्राम पंचायतों में साइकिल कचरा गाड़ी खरीदी में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। एक साइकिल कचरा गाड़ी के 28 हजार 500 सौ रूपये कीमत के बिल पास हुए हैं। जबकि इस सायकिल कचरा गाड़ी की कीमत 8 से 12 हजार के बीच बताई जा रही है। उधर सीईओ सुरेंद्र खरे जब बंडा पदस्थ थे तब भी उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे। अब वो फिर विवादों में हैं।