सागर-इस गांव में नहीं जलाई जाती होली जानिए क्यों ? || STVN INDIA ||
होली का नाम आते ही मन में रंग-गुलाल की मस्ती उठने लगती है, लेकिन सागर जिले का एक ऐसा गांव है, जहां होलिका दहन की रात सन्नाटा पसरा रहता है। इस गांव में सदियों से होलिका दहन नहीं होता है। यह गांव जिला मुख्यालय से 55 किमी दूर देवरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत चिरचिरा का आदिवासी बाहुल्य हथखोय है। ग्रामीणों की मानें तो उन्होंने गांव में कभी होलिका दहन होते नहीं देखा। मान्यता है कि कई साल पहले इस गांव में होलिका दहन के दिन भीषण आग लगी थी। आग लगातार बढ़ती जा रही थी। तब लोग गांव की आराध्य देवी मां झारखंडन के दरबार में पहुंचे और जान, माल की सुरक्षा की कामना की। इसके बाद आग पर काबू पाया गया, तभी से इस गांव में होलिका दहन नहीं होता है। लोगों का मानना है कि होलिका दहन करने से झारखंडन माता नाराज हो सकती हैं। इसे आस्था कहें या अंधविश्वास, लेकिन गांव में होलिका दहन नहीं होता।