घरों में बारिश का पानी भरने से सामान हुआ खराब, घरों को छोड़कर भागे लोग
लगातार बारिश ने कई जगहों पर लोगों की परेशानी बढ़ाई और तबाही भी मचाई। विदिशा जिले के गंज बासौदा इलाके में भी बीते दो दिन से लगातार बारिश से सभी नदी नाले उफान पर रहे। साथ ही कई कॉलोनी और बस्तियों में पानी भरने से घर का सामान खराब हो गया। हालात यह बने हुए थे की निचली बस्तियों से लोग अपने घर खाली करके सुरक्षित स्थानों पर पहुँच रहे थे। बताया गया कि बेतवा नदी के दोनों पुल डूब गए थे। शहर के बीच बहने वाली पराशरी नदी का पानी निचली बस्ती के कुछ मकानों में भर गया। जिससे लोगों को काफी नुकसान हुआ। हालात यह बने की लोग घर से बाहर तक नहीं निकल पा रहे थे। बिजली व्यवस्था ठप हो गई और कई जगह इंटरनेट भी बंद रहा। बताया गया कि वार्ड में पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था ना होने से हर साल यही स्थिति बनती है।