MP | खुदाई में मिला खजाना,मजदूरों ने आपस में बांटा, शराब पीने से खुल गया राज || SAGAR TV NEWS ||
मध्यप्रदेश के धार में एक जर्जर मकान की खुदाई के दौरान मजदूरों को खजाना मिल गया। मजदूरों ने खजाना आपस में बांट लिया। लेकिन उनका ये राज ज्यादा दिनों तक छुप नहीं सका। एक मजदूर ने रातोंरात उधारी चुका कर नई बाइक खरीद ली। रोज शराब पीने लगा। उसने नशे में खजाना मिलने की बात लोगों काे बता दी। यहीं से मामला पुलिस तक पहुंच गया। जांच में पता चला कि मकान तोड़ने के दौरान मजदूरों को 1 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत की सोने की 87 गिन्नियां और जेवर मिले थे। 1 गिन्नी बेच दी गई। मजदूरों से 86 गिन्नियां बरामद की गई हैं।
एडिशनल SP देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि मकान मालिक से पूछताछ की, लेकिन परिवार को कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद वहां काम करने वाले मजदूरों के बारे में जानकारी जुटाई गई। एक मजदूर सुरेश का पता चला। पुलिस उसके घर हिम्मतगढ़ गांव पहुंची। सबसे पहले सुरेश को अरेस्ट कर थाने लाया गया। उसने ही गिन्नियां मिलने और इसे बांटने की सारी जानकारी दी। सुरेश मजदूरों का ठेकेदार है।
जिस शिवनारायण राठौर के मकान में खजाना निकला है, उनका परिवार 100 साल से इसी मकान में रह रहा है।