बाबा महाकाल की सवारी पर किया थूकने का प्रयास,पुलिस ने तीन युवकों को किया गिरफ्तार | SAGAR TV NEWS |
उज्जैन में सावन के दूसरे सोमवार पर निकली भगवान महाकाल की सवारी के दौरान तीन लड़कों पर थूकने का आरोप लगा है। इसका वीडियो भी सामने आया है। जिसके बाद हिंदू संगठनों ने बीती देर रात खारा कुआं थाने का घेराव कर दिया।
पुलिस ने शिकायत पर तीनों आरोपी लड़कों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि बाबा महाकाल की सवारी बीती शाम करीब साढ़े 6 बजे टंकी चौराहे पर पहुंचने वाली थी। उस दौरान सड़क के दोनों ओर छत पर कुछ लड़के खड़े थे। वीडियो में दिख रहा है कि एक मकान की गैलरी में खड़े लड़कों में से एक बोतल लेकर मुंह में पानी भर रहा है।
इसी के पास वाले मकान की छत पर तीन लड़के भी खड़े दिख रहे हैं। इनमें से एक लड़का नीचे की ओर थूकता नजर आ रहा है। उसकी इस हरकत को वहां मौजूद किसी शख्स ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद बजरंग दल के जिला संयोजक अंकित चौबे और इंदौर के भाजपा पार्षद मासूम जायसवाल समेत कई कार्यकर्ता बीती रात 9 बजे खारा कुआं थाने पहुंच गए और आरोपियों पर केस दर्ज करने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग को लेकर अड़ गए।
वीडियो देखने के बाद एडिशनल एसपी आकाश भूरिया ने तीन नाबालिगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दो लड़कों को पकड़ा है और एक और संदिग्ध की तलाश की जा रही है।