मतदान का का शोर रविवार शाम 6 बजे थम जाएगा, परसों से होगा घर-घर प्रचार
सागर में कल थम जाएगा चुनावी शोर बाहरी लोग होंगे लोकसभा क्षेत्र से बाहर
मतदान का का शोर रविवार शाम 6 बजे थम जाएगा, परसों से होगा घर-घर प्रचार
तीसरे चरण के मतदान की तारीख 7 मई नजदीक आ गई है। चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक रविवार की शाम 6 बजे के बाद चुनावी शोर-गुल थम जाएगा। सोमवार से घर-घर जाकर संपर्क वाला प्रचार ही हो सकेगा। सागर लोकसभा के सागर, नरयावली, खुरई, मालथौन, सुरखी, बीना, सिरोंज, कुरवाई और शमशाबाद में 7 मई को मतदान होना है। प्रशासन ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। यहां चुनाव में भाजपा की ओर से लता वानखेड़े और कांग्रेस के चंद्रभूषण सिंह गुड्डू राजा के बीच सीधा मुकाबला है। सागर के अलावा मुरैना, ग्वालियर, बैतूल, राजगढ़, भोपाल, विदिशा, गुना और भिंड में भी 7 मई को ही वोटिंग रखी गई है। ऐसे में जिले से बाहर से आए लोगों को मतदान वाले जिलों की सीमा रविवार की शाम को ही छोड़नी होगी। इन 8 जिलों में मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जा चुका है। संबंधित जिलों में सभी व्यावसायिक—औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। दुकानदार और वाणिज्य अधिष्ठान के मालिकों को भी कर्मचारियों को छुट्टी देनी होगी। आपको बता दें कि इसके पहले मप्र में 19 अप्रैल और 26 अप्रैल को 6—6 जिलों में मतदान हो चुका है। अब मंगलवार को एक साथ 8 जिलों में वोटिंग होनी है। मुरैना में बीजेपी प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर और कांग्रेस प्रत्याशी नीटू सत्यपाल सिंह सिकरवार के बीच मुकाबला है। ग्वालियर में बीजेपी प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह और कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक आमने—सामने हैं। बैतूल में बीजेपी प्रत्याशी दुर्गादास उइके और कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम के बीच मुकाबला है। राजगढ़ में बीजेपी प्रत्याशी रोडमल नागर और कांग्रेस प्रत्याशी दिग्वजयसिंह के बीच कड़ा मुकाबला है। भोपाल में बीजेपी प्रत्याशी आलोक शर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव के बीच मुकाबला रहेगा। विदिशा में बीजेपी प्रत्याशी शिवराजसिंह चौहान और कांग्रेस प्रत्याशी प्रतापभानु शर्मा आमने सामने हैंं। गुना में बीजेपी प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया और कांग्रेस प्रत्याशी यादवेंद्र सिंह यादव के बीच टक्कर है। इसी तरह भिंड में भाजपा प्रत्याशी के रूप में संध्या राय और कांग्रेस से फूल सिंह बरैया चुनावी मैदान में हैं। अब देखना होगा कि जीत का सेहरा किस—किस के सिर पर बंधता है।