सागर-भाजपा नेत्री के गले पर हाथ डालने वाला आरोपी पुलिस ने पकड़ा,प्रदेश भर में 40 मामले दर्ज
सागर में भाजपा नेत्री के साथ हुई लूट की घटना के आरोपी से पुलिस ने चेन बरामद कर ली है। मकरोनिया थाना पुलिस ने आरोपी के लिए न्यायालय की अनुमति पर देवास जेल से एक दिन की रिमांड पर लिया था,
रविवार को उसे वापस न्यायालय पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है, भोपाल के काजी मुहाल का रहने वाला आरोपी फिरोज खान आदतन लुटेरा है। उस पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में 40 से ज्यादा लूट के मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार मकरोनिया के शांति विहार कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय एक भाजपा नेत्री की शिकायत पर अज्ञात पर मामला पंजीबद्ध किया था। आरोपी ने 20 मार्च की शाम भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष संध्या भार्गव के घर से वापस लौटते समय मकरोनिया मार्ग स्थित कठवा पुल के पास आर्मी गेट के सामने खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रही भाजपा नेत्री के गले पर झपट्टा मार उसकी चेन छीनी और धक्का देकर वहां से भाग गया, जांच-पड़ताल में पता चला कि लूट करने वाला आरोपी भोपाल निवासी फिरोज है, जिसे मकरोनिया थाना पुलिस की सूचना पर देवास पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।