लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी की नामवापसी के बाद पार्टी कांग्रेस NOTA का प्रचार कर रही है !
इंदौर की लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी की नामवापसी के बाद पार्टी ने NOTA (None Of The Above) का ही बटन दबाने का अभियान छेड़ दिया है। जवाब में बीजेपी ने रणनीति बदली है। कांग्रेस प्रत्याशी के मैदान में रहते बीजेपी ने 8 लाख वोटों से चुनाव जीतने का लक्ष्य रखा था उस टारगेट को बढ़ाकर 11 लाख कर दिया है।
कांग्रेस के नोटा अभियान के बीच बुधवार को का मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा 1 के वार्ड 6 से पार्षद संध्या यादव का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में पार्षद यादव ऑटो रिक्शा के पीछे लगे नोटा अभियान के पोस्टर को हटाती नजर आ रही हैं। यह वीडियो कांग्रेस नेत्री शोभा ओझा ने बुधवार को ट्वीट किया है।
कांग्रेस ने इसे तानाशाही बताया है, जबकि पार्षद यादव का कहना है कि एक जागरुक नागरिक के तौर पर उन्होंने पोस्टर हटाया। जनता कांग्रेस को 13 मई को जवाब देगी। प्रदेश कांग्रेस महासचिव राकेश सिंह यादव ने पूरी घटना की शिकायत चुनाव आयोग से की है। यादव ने कहा कि यह भाजपा की गुंडागर्दी हैं। जो आम मतदाता का अधिकार छीन रही है।
वीडियो में पार्षद यादव ऑटो चालक से ये कहती हुई नजर आ रही हैं कि मोदीजी को वोट नहीं दोगे। ये नोटा क्या है। पार्षद के साथ मौजूद व्यक्ति ने भी कहा कि मोदीजी ने इतना कुछ किया है। दूसरे ऑटो रिक्शा में भी यदि पोस्टर लगे हों तो उसे हटाएं। वीडियो इंदौर में एरोड्रम थाने के सामने का है। मामले में कांग्रेस नेत्री शोभा ओझा ने कहा कि ये तानाशाही है। इस तरह से बीजेपी के द्वारा लोगों को डराया जा रहा है। लोग खुलकर नोटा को सपोर्ट कर रहे हैं।