अवैध निर्माण पर चला निगम का बुलडोजर ,व्यापारियों में मची खलबली| sagar tv news |
सिंगरौली. शहर में अवैध निर्माण पर बुधवार को फिर से नगर निगम का बुलडोजर चला। अतिक्रमण हटाने का अभियान माजनमोड़ से शुरू हुआ। मुख्य मार्ग स्थित फुटपाथ पर लगी दुकानों को हटाया गया। दुकानों के बाहर रखी सामग्री जब्त की गई। एक दिन पूर्व मंगलवार की शाम अतिक्रमण हटाए जाने के अभियान को लेकर सभी दुकानदारों को सूचित किया गया था। इसके बावजूद दुकानदारों की ओर से सडक़ पर दुकानें लगा दी गई थीं।
नगर निगम की ओर से मुख्य मार्ग से दूसरी बार अतिक्रमण हटाया गया है। इससे पहले भी मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाकर दुकानदारों को समझाइश दी गई थी लेकिन दुकानदारों ने अधिकारियों को निर्देश को नजरअंदाज कर दुकानों को सडक़ से बाहर लगा दिया था। इसलिए दूसरी बार अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है। शहर की मुख्य सडक़ों पर अतिक्रमण से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। एक ओर जहां शहर में जाम की स्थिति निर्मित होती है, वहीं दूसरी ओर राहगीरों को असुविधाएं होती हैं।
नगर निगम आयुक्त डीके शर्मा की मौजूदगी में अतिक्रमण दस्ते ने माजनमोड़ से लेकर मुख्य मार्ग आइसीआइसीआइ बैंक तक रोड और नालियों के बीच बने फुटपाथ पर लगी दुकान, अवैध बोर्ड, होर्डिंग को हटाया है। आइसीआइसीआइ बैंक, सूर्या बैटरी, वैष्णो देवी डेयरी, आकृति इंटरप्राइज, राजा फुटवेयर के सामने अतिक्रमण हटाकर मस्जिद रोड के दोनों तरफ फैलाई गई सामग्री को जब्त किया है। आयुक्त ने दुकानदारों को समझाइश देते हुए कहा
कि शहर को व्यवस्थित रखना आपकी भी जिम्मेदारी है। संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मनमानी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ निगम के द्वारा सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त सहित निगम का पूरा अमला व एसडीएम सृजन वर्मा, तहसीलदार, पुलिस दल बल के साथ स्थल पर मौजूद थे।