सागर में किसान के थैले में रखे 1 लाख 50 हज़ार रुपए लेकर भाग अज्ञात चोर
एमपी के सागर जिले के खुरई की मुख्य सड़क कचहरी के पास एक किसान की बाइक पर टंगा रूपयों से भरा थैला अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया। थैले में किसान के डेढ़ लाख रुपए रखे हुए थे। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले कुछ समय से क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी है लेकिन चोर पुलिस की पकड़ से दूर बने हुए हैं। चोरों को पकडऩे के लिए संदेह के आधार पर पुलिस की टीमें कार्य कर रही हैं।
लेकिन अभी तक चोरों तक पुलिस पहुंच नहीं सकी है। शहर थाना अन्तर्गत आने वाले क्षेत्र में पूर्व की चोरियो का अब तक खुलासा तक नहीं हो सका , कि एक बार फिर चोरी का मामला सामने आ गया। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में एक किसान के थैले में रखे 1 लाख 50 हज़ार रुपए लेकर अज्ञात चोर भाग निकला। किसान जब बाईक चालू करने लगा तो वह हैरान हो गया। बाईक पर टंगा रुपयों से भरा थैला गायब था। उसने चोर को आसपास खूब तलाश किया, जब नहीं मिला तो वह पुलिस के पास पहुंचा।
पीड़ित किसान अवतार सिंह दांगी निवासी मुकारमपुरा ने बताया कि उन्होंने कृषि उपज मण्डी में चना विक्रय किए थे, जिसकी रकम पंजाब बैंक के खाते में थी। मुझे कुछ लेनदेन करना था इसलिए उन्होंने बैंक जाकर 1 लाख 50 हज़ार रुपए निकाले और थैले में रखकर बाइक के हैंडल पर टांग दिए। कुछ देर बाद कचहरी के पास बाइक सड़क किनारे लगाकर पान खाने लगा। करीब 5 मिनट बाद जब बाइक पर बैठने लगा तो, हैंडल पर टंगा रुपयों से भरा थैला गायब था। थैले में डेढ़ लाख रुपए और अन्य बैंकों की पासबुक, बंदी आदि जरुरी दस्तावेज़ रखे थे।
पीड़ित ने बताया कि मैने आसपास के लोगों से थैले के बारे में पूछताछ कि, पता चला कि एक लड़का थैला उठाकर स्टेशन की ओर चला गया। इसके बाद बाइक से तलाश किया, लेकिन वह नहीं मिले। पीड़ित ने घटना की जानकारी शहरी थाना पुलिस को दी। खुरई शहरी थाना प्रभारी शशि विश्वकर्मा ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ़ धारा 379 के तहत मामला दर्ज कर चोर कि तलाश की जा रही है।