सागर के सदर इलाके में फिर दो पक्षों में कहा सुनी,7 लोग पहुंचे अस्पताल,पुलिस बल तैनात | sagar tv news
सागर में कैंट थाना क्षेत्र के सदर इलाके में गुरुवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद में लाठी-डंडे चले। कुछ लोगों ने पत्थर भी फेंके। विवाद होते देख क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मारपीट में 7 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं। कैंट पुलिस घायलों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार सदर इलाके में रहने वाले दो पक्षों में बच्चों को लेकर पुराना विवाद चल रहा था।
इसी विवाद के चलते गुरुवार को वर्ग विशेष के लोगों ने एकमत होकर हमला कर दिया। सोनू खटीक समेत अन्य लोगों के साथ जमकर मारपीट की। लाठी-डंडे और पत्थर चलाए।
विवाद होते देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामला शांत कराया। मारपीट में सोनू खटीक, पूजा खटीक, आरती, सुरभि समेत करीब 7 लोग घायल हुए हैं। घायलों को बीएमसी इलाज के लिए भेजा गया है।
वहीं पुलिस घायलों की शिकायत पर मारपीट के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। घटनाक्रम की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा, सीएसपी यश बिजोरिया, मोतीनगर टीआई जसवंत सिंह राठौर, कोतवाली टीआई नवीन जैन समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनाक्रम की जानकारी ली।
साथ ही मारपीट करने वालों की धरपकड़ के लिए टीमें लगाई गई हैं। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से सदर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। सुनीता रैकवार ने बताया कि घर के अंदर थी। गाली-गलौज और चिल्लाने की आवाज आई तो घर के बाहर आई। जहां देखा तो कुछ लोग सोनू खटीक को पकड़कर मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने पत्थर फेंके।
पत्थर मेरी आंख के ऊपर आकर लगा। गनीमत रही कि आंख पर नहीं लगा। मारपीट के दौरान उन्होंने महिला और पुरुषों को भी पीटा है। वह विवाद क्यों कर रहे थे यह नहीं पता। अचानक से आकर मारपीट करने लगे थे।