Sagar | नपाध्यक्ष से डॉक्टर बोले- आप अध्यक्ष लग ही नहीं रहीं, सुनकर रोने लगी
सागर के बीना सिविल अस्पताल में पेट दर्द के इलाज के लिए पहुंचीं नगर पालिका अध्यक्ष लता सखवार ने डॉक्टर पर अभद्रता के आरोप लगाए। नपाध्यक्ष ने रोते हुए कहा कि उन्हें तुरंत इलाज नहीं मिला। जनप्रतिनिधि का ये हाल है तो आम आदमी का क्या होता होगा। जब ड्यूटी डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा तो उनसे कहा गया कि आप अध्यक्ष लग ही नहीं रही हो। लता ने बदतमीजी का आरोप भी डॉक्टर पर लगाया है।
लता सकवार का कहना है कि जब ये बात लोगों को पता चली तो उन्होंने ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. अरविंद गौर से संपर्क किया, लेकिन वे मुख्यालय पर नहीं थे। इसके बाद पार्षदों ने सिविल अस्पताल के गेट पर धरना दे दिया। मामला बढ़ता देख डॉक्टर ने उनका इलाज शुरू किया। आराम नहीं मिलने पर उन्हें निजी अस्पताल ले जाना पड़ा।
इधर, डॉ. अभिषेक मिश्रा का कहना है कि नपाध्यक्ष उन्हें डॉक्टर मानने को तैयार ही नहीं थीं। शुक्रवार सुबह एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह मामले की जांच के लिए बीना के सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कहा, जब नपाध्यक्ष अस्पताल पहुंची थी तब डॉक्टर अभिषेक मौजूद थे। दवाएं भी पर्चे पर लिखी थीं, लेकिन जब अध्यक्ष ने डॉक्टर कौन है पूछा तो ड्यूटी डॉक्टर ने स्वयं को डॉक्टर नहीं बताया। इसी से विवाद शुरू हो गया। डॉक्टर को समझाइश दी गई है।