Sagar-अटल पार्क में बने स्विमिंग पूल में दोस्त के साथ Enjoy करने के दौरान रेलकर्मी और पार्क बंद कर भागे कर्मचारी
सागर के अटल पार्क में बने स्विमिंग पूल में गुरुवार दोपहर नहाते समय रेल कर्मचारी की जान चली गई। दोस्त ने उसे पानी में देखा, तो लोगों की मदद से बाहर निकाला। उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक रेलवे में ग्रुप-डी के कर्मचारी थे। घटना के बाद पार्क के कर्मचारी गेट पर ताला लगाकर भाग गए।
जानकारी के अनुसार योगेश उर्फ विक्की (30) पिता हरिकिशन सेन निवासी तिलकगंज वार्ड मोहल्ले में रहने वाले दोस्त अमित चौरसिया के साथ अटल पार्क स्थित स्विमिंग पूल में नहाने गया था। दोस्त अमित चौरसिया ने बताया, विक्की और मैं स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। करीब 15 मिनट नहाने के बाद मैं गुटखा खाने के लिए बाहर आ गया। दोस्त से बात करने लगा। कुछ देर बाद वापस लौटा तो विक्की नहीं दिखा।
इसी दौरान आवाज आई कि कोई डूब गया है। देखा तो विक्की था। वहां मौजूद लोगों को मदद के लिए चिल्लाया, लेकिन कोई नहीं आया। उन्होंने 108 एंबुलेंस को भी फोन नहीं लगाया। मैं निजी गाड़ी से विक्की को अस्पताल लेकर आया। घटना के समय स्विमिंग पूल में करीब 15 लोग और मौजूद थे।
विक्की के जीजा श्रेयांश सेन ने बताया कि विक्की को तैरना नहीं आता था। वह पूल में कैसे डूब सकता है। पूल की इतनी गहराई नहीं होती। अंदेशा है कि विक्की के साथ घटना हुई है। मामले में स्विमिंग पूल और पार्क में लगे सीसीटीवी की जांच कराई जाना चाहिए। इसमें अटल पार्क वालों की लापरवाही है। उनका वहां लाइफ गार्ड की व्यवस्था करना चाहिए। घटना के बाद अटल पार्क प्रबंधन में हड़कंप मच गया। पार्क में तैनात कर्मचारी मेन गेट पर ताला लगाकर भाग गए। इस दौरान लोग पार्क पहुंचे, तो गेट पर ताला लगा मिला।