दर्शनार्थियों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली और 5 लोग नहीं पहुंच पाए घर और फिर....
एमपी के दतिया जिले में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें 3 लड़कियों और 2 महिलाएं हैं। 19 लोग घायल हैं। ट्रॉली में 30 लोग सवार थे। हादसा दुरसड़ा थाना क्षेत्र के गांव जोरा मैथाना पाली के पास हुआ। 3 मृतक एक ही परिवार के हैं। जानकारी के मुताबिक ट्रॉली में सवार लोग दीसवार गांव से रतनगढ़ माता मंदिर पर जवारे चढ़ाने जा रहे थे। गांव से 6 ट्रैक्टर एकसाथ निकले थे।
एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुलिया से 15 फीट नीचे गिरा और पलट गया। घायलों में महिला और बच्चे भी शामिल हैं। 17 को दतिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 2 गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर करना पड़ा। हादसे की सूचना के बाद एसपी वीरेंद्र मिश्रा जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिलकर हादसे के बारे में जाना। हादसे में दीसवार निवासी नवल किशोर की पत्नी और दो बेटियों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि ड्राइवर को नींद आने की वजह से हादसा हुआ होगा। वहीं, दूसरे ट्रैक्टर वालों का कहना है कि स्टीयरिंग जाम हो गया था।
गांव के सरपंच देवप्रसाद दांगी ने बताया कि 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली और टैक्सी में करीब 200 श्रद्धालुओं को रतनगढ़ माता मंदिर ले जा रहे थे। इन्हीं में से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिसमें लगभग 30 लोग सवार थे। ये रतनगढ़ मंदिर में जवारे चढ़ाने के लिए जा रहे थे। ग्रामीण अंकुश दांगी ने बताया, गांव से सभी लोग रात तीन बजे निकले थे। मैं आगे वाले ट्रैक्टर में था। हमारे पीछे बाकी ट्रैक्टर थे। कुछ देर बाद पीछे जाकर देखा तो एक ट्रैक्टर नहीं था। उसमें बैठे लोगों को फोन लगाया तो पता चला कि ट्रैक्टर पुलिया से नीचे गिर गया है।
फिर हम वहां पहुंचे और ड्राइवर से बात की। भांडेर एसडीओपी कर्णिक श्रीवास्तव ने बताया, घायलों से प्रारंभिक पूछताछ में ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने की ही बात सामने आ रही है। संभवत: ड्राइवर को नींद आ गई थी। अलसुबह करीब 4.30 बजे ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रॉली से रतनगढ़ मंदिर जा रहे थे, रास्ते में ट्रैक्टर पुलिया से नीचे गिर गया। हादसे में तीन बच्चियां और दो महिलाओं की मौत हुई है। एक व्यक्ति को उसके परिजन झांसी लेकर गए हैं।