तेज बारिश के कारण कोड़ी नदी में आया पानी,जेसीबी सहित अन्य मशीनें डूबी | sagar tv news |
एमपी के रायसेन में मंगलवार शाम 4:30 बजे से प्री-मानसून की पहली तेज बारिश हुई। ये बारिश का दौर रात में भी जारी रहा, जिसके चलते कई बार बिजली भी गुल होती रही। बारिश से सांची रोड स्थित कोड़ी नदी में अचानक तेज पानी आने के कारण फोरलेन के काम में लगी जेसीबी सहित अन्य मशीनें डूब गई।
इन मशीनों को पानी से निकलने के लिए बुधवार को रोड कंपनी को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। मशीन पूरी तरह डूब गई थी जबकि आसपास कीचड़ भी हो गई ऐसे में मशीनों को पानी से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। यह रोड विदिशा से मेहगांव होते हुए रायसेन के बारला तक बनाया जा रहा है।
बारिश इतनी तेज थी कि 1 घंटे में ही 3.8 सेमी बारिश दर्ज की गई थी। शहर के मुख्य बाजार की सड़क भी जलमग्न हो गई थी। इस रोड पर डेढ़ से 2 फीट पानी भर गया था, जिसके चलते लोगों को अपने वाहन निकालने में परेशानी का सामना करना पड़ा। जबलपुर, छिंदवाड़ा समेत 22 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून महाराष्ट्र में स्थिर है। अगले 2 से 3 दिन में यह आगे बढ़ सकता है। इसके बाद ही मध्यप्रदेश में एंटर होगा। फिलहाल, वेस्टर्न डिस्टबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से मध्यप्रदेश के ज्यादातर हिस्से में आंधी, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है।