तेज बारिश के बाद सड़कों पर भरा पानी ,5 घंटे में 4.8 इंच बारिश
मध्यप्रदेश में प्री मानसून एक्टीविटी जारी है। इसके चलते भोपाल में शुकवार तड़के करीब 3 बजे से बारिश शुरू हो गई। यहां बैरागढ़ इलाके में सुबह 8 बजे तक 4.8 इंच बारिश हुई। सीहोर में दो घंटे में ही 4 इंच से ज्यादा पानी बरसा। यहां सीवन नदी में बहाव तेज हो गया। गुरुवार तक ये नदी सूखी थी। उज्जैन, रतलाम, शाजापुर और रायसेन में देर रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। इंदौर में बादल और तेज हवा चल रही है। सुबह करीब 10.30 बजे कुछ इलाकों में बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश हुई। रतलाम में तेज बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। सीहोर में सीवन नदी उफान पर है। शाजापुर के अकोदिया में पानी मितेरा पुलिया के ऊपर से बह रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्यप्रदेश में मानसून अब दाे से तीन दिन में एंटर हो सकता है। गुरुवार को यह छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में पहुंचा है।मानसून प्रदेश के दक्षिणी हिस्से यानि बालाघाट, पांढुर्णा-बैतूल से एंटर होगा। यह 10 जून से एक जगह ठहरा था। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी की ब्रांच के एक्टिव नहीं होने से ऐसा हो रहा था। मध्यप्रदेश में मानसून के आने की सामान्य तारीख 15 जून है। फिलहाल, वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है। इस वजह से मध्यप्रदेश में तेज आंधी, बारिश हो रही है। अगले कुछ दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा। शुक्रवार को जबलपुर, विदिशा, हरदा, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी में तेज आंधी चलेगी और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी।