सागर-स्टेशन से एक किमी की दूरी पर ट्रेन का इंजन हुआ फेल ,सैकड़ों यात्री हुए परेशान
सागर जिले के बीना में भोपाल से दमोह जा रही राज्यरानी एक्सप्रेस के इंजन में शुक्रवार की रात को बीना के सागर आउटर के पास खराबी आ गई। ट्रेन में सवार सैकड़ों यात्रियों को कई घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद बीना स्टेशन से दूसरा इंजन भेजकर ट्रेन को मालखेड़ी स्टेशन तक ले जाया गया, जहां पर इंजन बदलकर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन 2 घंटे 52 मिनट लेट हो गई।
भीषण गर्मी में ट्रेनों के इंजन भी धोखा देने लगे हैं। ऐसे ही भोपाल- दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस शुक्रवार की रात 8:30 बजे बीना रेलवे स्टेशन पहुंची और 15 मिनट बाद सागर की ओर रवाना किया गया। ट्रेन स्टेशन से एक किमी दूर सागर गेट के आगे आउटर के पास पहुंची ही थी कि उसका इंजन फेल हो गया। इसकी जानकारी रात 9 बजकर 30 मिनट पर जंक्शन पर दी गई और फिर स्टेशन से इंजन भेजकर ट्रेन को मालखेड़ी स्टेशन तक ले जाया जा गया। मालखेड़ी रेलवे स्टेशन पर इंजन बदला गया और ट्रेन रात 11:37 बजे गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
दरअसल अभी बीना से सागर के बीच में कई ट्रेनें निरस्त चल रही है, जिससे यात्रियों को रात में मिलने वाली राज्यरानी ट्रेन ही एकमात्र सहारा है, लेकिन इंजन फेल होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों के लिए हुई और गर्मी में हाल बेहाल हो गया। यात्री विष्णु सिंह ने बताया कि वह भोपाल से सागर जा रहा है। बीना रेलवे स्टेशन से ट्रेन जैसे ही रवाना हुई वैसे ही थोड़ी से आगे बढ़ी तो ट्रेन अचानक से रुक गई। जानकारी लेने पर पता चला कि ट्रेन का इंजन फेल हो गया। दो घंटे से ट्रेन चलने का इंतजार कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया की इंजन फेल होने की सूचना मिलते ही बीना यार्ड से एक इंजन भेजा गया था और इसके बाद खराब हुए इंजन को अलग कर दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन को आगे चलाया गया।