अब एक रुपए में कॉलेज पहुंचेंगे स्टूडेंट,CM का बड़ा फैसला ,1 जुलाई से सभी जिलों में शुरू होंगी बसें
एमपी के सभी 55 जिलों में खुलने वाले पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के स्टूडेंट्स से बसों में आने-जाने के लिए रोज एक रुपए किराया लिया जाएगा। यह किराया महीने के 30 दिन का 30 रुपए होगा। जिसे स्टूडेंट्स को कॉलेज प्रबंधन को चुकाना होगा। इसके बदले कॉलेज की बसों से वे अपने रूट पर कॉलेज और घर आ जा सकेंगे। बसों का रूट और राउंड कलेक्टर तय करेंगे।
उच्च शिक्षा विभाग ने एक जुलाई से शुरू होने वाले पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में यह व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। सभी जिलों के कलेक्टरों और पीएम एक्सीलेंस कॉलेज के प्राचार्यों से कहा है कि सभी काॅलेज में यह व्यवस्था शुरू की जानी है और इसे शुरू करने के बदले आने वाले खर्च की भरपाई कॉलेज के जनभागादारी मद से की जाएगी।
विभाग ने यह निर्देश कॉलेज पीएम एक्सीलेंस कॉलेज खोले जाने के 10 दिन पहले जारी कर समय पर इसके टेंडर और सर्विस प्रोवाइडर सिलेक्शन का काम पूरा करने के लिए कहा है।इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल में उच्च शिक्षा विभाग के अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की। जिसमें सभी जिलों में खोले जाने वाले कॉलेज की व्यवस्थाओं का रिव्यू किया। बैठक में पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में शुरू होने वाले पाठ्यक्रम और अन्य व्यवस्थाओं को पूरा करने के लिए सीएम ने अफसरों को निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा- इसके लिए आवश्यक बजट भी उपलब्ध कराया है। एक्सीलेंस कॉलेज जिले का गौरव होगा। एक्सीलेंस कॉलेज से जिले की तहसीलों एवं जिले के नागरिकों को जोड़ें। शुभारंभ समारोह से जिले के नागरिक भी जुड़ें।