सागर-मां-बाप की स्मृति में 108 तीर्थ यात्रियों को फ्री में अयोध्या भेजा,पितृपक्ष में गयाजी की तैयारी
सागर के राम सरोज समूह के तत्वावधान में चलाई जा रही निःशुल्क तीर्थदर्शन यात्रा के तहत 108 तीर्थ यात्रियों का जत्था अयोध्या के लिए रवाना किया गया। यह 9वां जत्था है। जिसे मध्य प्रदेश सरकार के संस्कृति पर्यटन धार्मिक न्याय एवं धर्मस्व विभाग के मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने पुष्पवर्षा कर रवाना किया। दो वर्ष पहले राम सरोज समूह ने समूह के संस्थापक स्व. रामशंकर केसरवानी की स्मृति में असहाय, जरुरतमंदों के लिए तीर्थदर्शन कराने की पहल शुरू की थी।
इसी बीच करीब सवा माह पहले समूह की मातृशक्ति सरोजनी देवी केसरवानी का निधन हो गया। जिसके बाद रामसरोज समूह के सदस्य समाजसेवी संजीव, शैलेश और अखिलेश माता-पिता की स्मृति में इस कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं। इसी के तहत रविवार को सागर के असहाय, जरुरतमंद और वृद्धजनों के लिए सहयोग राशि 500-500 रुपए और टिकट देकर अयोध्या भगवान श्रीरामलला के दर्शन के लिए रवाना किया गया है।
समूह के सदस्य शैलेश केसरवानी ने कहा कि रामसरोज समूह द्वारा तीर्थयात्रियों का 9वां जत्था आज अयोध्या के लिए रवाना किया गया है। समूह द्वारा पूर्व में तीर्थ यात्रियों के लिए अयोध्या, जगन्नाथपुरी, मथुरा की यात्रा कराई गई है। इस बार तीर्थयात्रियों को पुनः अयोध्या भेजा जा रहा है। तीर्थ यात्रियों को सहयोग राशि दी गई है। ताकि वह अपने हिसाब से रहने खाने और सामान खरीदने के लिए स्वतंत्र रहें। साथ ही तीर्थयात्रियों के लिए नेपाली बाबा आश्रम अयोध्या में रुकने और खाने की व्यवस्था कराई गई है। यह तीर्थ यात्रा संकल्प अनावृत जारी रहेगा।
आने वाले पितृपक्ष में लोगों को गयाजी भेजा जाएगा इसके लिए तैयारी शुरू की गई है