सागर में रिमझिम बारिश के बीच कांग्रेसी सड़क पर उतरे, सरकार के खिलाफ नारेबाजी की
प्रदेश में हुए नर्सिंग कॉलेज घोटाले और नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर सोमवार को सागर में जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता सिविल लाइन चौराहे पर जमा हुए। जहां से पैदल मार्च करते हुए कालीचरण चौराहे पर पहुंचे। कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चिकित्सा मंत्री का पुतला जलाया। इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुतला छीन लिया।
रिमझिम बारिश के बीच कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। नीट परीक्षा दोबारा करवाने की मांग सरकार से की है। कांग्रेस नेता सुनील जैन ने कहा कि देश व प्रदेश में बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। नीट का पेपर लीक हो रहा है। नर्सिंग घोटाला हुआ। लेकिन चिकित्सा शिक्षा मंत्रियों का एक भी बयान मामले को लेकर नहीं आया। सरकार गरीब बच्चों के भविष्य को अंधकार में ले जा रही हैं।
जिसको लेकर कांग्रेस मैदान में उतरी है और लगातार इसका विरोध किया जाएगा। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार पचौरी, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष राहुल चौबे, सिंटू कटारे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।