Rain after sunshine, clouds in 7 districts including Guna-Ashoknagar
धूप के बाद बरसा पानी, गुना-अशोकनगर समेत 7 जिलों में बादल
मध्यप्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन गुजरने की वजह से मौसम के 2 सिस्टम एक्टिव हैं। इसके चलते बुधवार को भी प्रदेश के ज्यादातर जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है। भोपाल में सुबह धूप खिली, फिर बारिश हुई। गुना, अशोकनगर समेत 7 जिलों में पानी गिरने का अलर्ट है। मौसम विभाग ने बताया, फिलहाल, साइक्लोनिक सर्कुलेशन के साथ एक ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। इस तरह प्रदेश में दो सिस्टम एक्टिव हैं। अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश और आंधी चलेगी। आज भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन समेत पूरे प्रदेश में मौसम बदला रहेगा।
कहीं बारिश होगी तो कहीं बादल छाए रहेंगे। इससे पहले मंगलवार को भोपाल, धार, नर्मदापुरम, इंदौर, रायसेन, रतलाम, छिंदवाड़ा, दमोह, सिवनी, बालाघाट जिले में बारिश हुई। रात में भी कई जिलों में मौसम बदला रहा। बारिश की वजह से दिन के टेम्प्रेचर में खासी गिरावट हुई है। प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 23.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं, सिवनी में पारा 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। ग्वालियर में यह सबसे ज्यादा 34.7 डिग्री दर्ज किया गया।
बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 29.1 डिग्री, इंदौर में 28.2 डिग्री, जबलपुर में 29 डिग्री और उज्जैन में तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश में जुलाई में सामान्य से 106% बारिश होने का अनुमान जताया है। इस महीने प्रदेश में एवरेज 15 इंच बारिश होती है, जो कुल बारिश की 40% है।